May 13, 2026

रायपुर में सरकारी जमीन पर अवैध उत्खनन का खेल, जेसीबी-ट्रकों से दिनदहाड़े खनिज चोरी

रायपुर। राजधानी रायपुर के कचना क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध खनिज उत्खनन का मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े जेसीबी और ट्रकों की मदद से मिट्टी, मुरूम और पत्थरों का अवैध खनन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 30 एकड़ से अधिक जमीन खोदकर भारी मात्रा में खनिज सामग्री निकाली जा चुकी है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब लल्लूराम डॉट कॉम की टीम शुक्रवार को मौके पर पहुंची। मीडिया टीम को देखते ही अवैध उत्खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया और जेसीबी व ट्रक चालक वाहन लेकर भागने लगे। टीम ने करीब एक किलोमीटर तक वाहनों का पीछा किया। रास्ता खत्म होने पर जेसीबी चालक मशीन बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।

यह पूरा क्षेत्र कलेक्ट्रेट मुख्यालय से महज 5 से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद इतने बड़े स्तर पर अवैध उत्खनन जारी रहने से खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समतल जमीन को खदान में बदल दिया गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के अनुसार अवैध खनन करने वालों ने इलाके में अपने जासूस भी तैनात कर रखे हैं। रहेजा निर्वाण के पीछे जैसे ही कोई बाहरी व्यक्ति या वाहन पहुंचता है, सूचना तत्काल उत्खनन में लगे लोगों तक पहुंचा दी जाती है। मोदीनगर की ओर तालाब किनारे बैठकर कुछ लोग गतिविधियों पर नजर रखते हैं। सूचना मिलते ही ट्रक और जेसीबी मौके से फरार हो जाते हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध उत्खनन पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि सरकारी जमीन पर खुलेआम चल रहे इस अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन कब तक सख्त कदम उठाता है।