March 4, 2026

सरगुजा में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के घर छापा, 400 बोरी जब्त

सरगुजा:
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष के घर पर छापा मारा है। इस कार्रवाई में 400 से अधिक बोरी अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

सीतापुर में प्रशासन की दबिश

मामला जिले के सीतापुर क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और अधिवक्ता सुनील गुप्ता के निवास पर राजस्व और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। प्रशासन को सूचना मिली थी कि बीती रात ट्रक के जरिए अवैध रूप से धान का भंडारण किया जा रहा है।

सूचना की पुष्टि होते ही टीम मौके पर पहुंची और परिसर में रखे धान को जब्त कर लिया गया। जब्त धान को नियमानुसार सील कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के दौरान धमकी देने का आरोप

छापेमारी के दौरान सुनील गुप्ता द्वारा प्रशासनिक टीम को कथित तौर पर धमकाने की भी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने कार्रवाई रोकने का दबाव बनाते हुए “देख लेने” जैसी बातें कहीं, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों ने पूरी कार्रवाई की।

राजनीतिक कनेक्शन भी चर्चा में

सूत्रों के अनुसार सुनील गुप्ता, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में यह कार्रवाई राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है।

आगे की कार्रवाई जारी

फिलहाल प्रशासन जब्त धान के दस्तावेजों की जांच कर रहा है और यह पता लगाया जा रहा है कि धान कहां से लाया गया और कहां सप्लाई किया जाना था। दोषी पाए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सरगुजा प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध धान कारोबार पर लगाम कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।