धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महानदी किनारे रेत माफियाओं द्वारा किए गए अवैध खनन के चलते श्मशान घाट की जमीन धंस गई, जिससे दफन शव और मानव कंकाल बाहर निकल आए। मामला जिले के खरेंगा गांव का बताया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, रेत माफियाओं ने मशीनों और ट्रैक्टरों की मदद से नदी किनारे गहरे गड्ढे कर दिए थे। लगातार उत्खनन के कारण श्मशान घाट की मिट्टी कमजोर हो गई और धंसने लगी। इसके बाद वहां दफन शव बाहर आने लगे। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 10 मानव कंकाल और शव बाहर निकल चुके हैं।
घटना सामने आने के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के चलते न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है, बल्कि धार्मिक आस्था और सामाजिक मर्यादाओं को भी ठेस पहुंची है।
मामले में खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से अवैध उत्खनन जारी था, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे रहे। मीडिया में मामला आने के बाद विभाग ने पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं, लेकिन अब तक रेत माफियाओं और वाहन चालकों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं की गई है।
घटना के बाद मौके से चालक फरार बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और श्मशान घाट क्षेत्र को सुरक्षित करने की मांग की है।





