कोरबा। जिले में अवैध रेत तस्करी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से अवैध रूप से रेत भरकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला उरगा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29) और अमित कुमार समेत कुछ युवक ट्रैक्टर में रेत भरकर सोन नदी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध रूप से निकाली जा रही रेत को औने-पौने दामों में बेचा जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और अवैध रेत परिवहन के संबंध में जांच कर रही है।





