सड़क निर्माण कंपनी की रेत चोरी पकड़ी गई, 70 ट्रिप अवैध रेत जब्त
मोहला-मानपुर। जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान अवैध रेत उत्खनन और भंडारण का बड़ा मामला सामने आया है। खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 70 ट्रिप से अधिक अवैध रेत का जखीरा जब्त किया है। साथ ही संबंधित निर्माण कंपनी को नोटिस जारी कर उत्खनन में इस्तेमाल की गई चैन माउंटेन मशीन को सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामला मानपुर विकासखंड के ग्राम सहपाल का है। यहां स्थानीय साप्ताहिक बाजार परिसर में बड़ी मात्रा में रेत डंप कर रखी गई थी। अवैध रेत भंडारण की सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बसेली नदी से किया गया था उत्खनन
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जांच और पूछताछ में पता चला कि मानपुर से मदनवाड़ा-सीतागांव सड़क निर्माण कार्य कर रही विकास कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बसेली नदी से चैन माउंटेन मशीन के माध्यम से रेत का उत्खनन कर उसे सहपाल में डंप कराया गया था।
विभागीय टीम ने 24 और 25 जून की देर रात तक कार्रवाई करते हुए अवैध रेत की खेप को जब्त कर लिया। फिलहाल जब्त रेत को प्रशासनिक संरक्षण में मौके पर ही रखा गया है।
मशीन सील, कंपनी को जारी हुआ नोटिस
खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन में प्रयुक्त चैन माउंटेन मशीन को भी मौके पर सील कर दिया है। वहीं निर्माण कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
बड़ी कार्रवाई की उम्मीद
खनिज विभाग की इस कार्रवाई को अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। बड़ी मात्रा में पकड़ी गई रेत से सड़क निर्माण की आड़ में अवैध उत्खनन और भंडारण किए जाने की आशंका भी सामने आई है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि जिला प्रशासन और खनिज विभाग संबंधित कंपनी के खिलाफ आगे कितनी सख्ती से कार्रवाई करते हैं।





