May 13, 2026

दूसरे के नाम पर सिम लेकर कर रहे थे अवैध लेन-देन, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दूसरे व्यक्ति के नाम पर सिम कार्ड जारी कराकर उसे कमीशन पर बेचते हुए अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। नेवई थाना पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी आयुष ताम्रकार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से टी. भार्गव राव ने मोबाइल दुकान से सिम कार्ड जारी कराया और उसे अपने साथियों को कमीशन पर दे दिया। इसके बाद उस सिम का उपयोग कर आरोपी संगठित तरीके से अवैध आर्थिक लेन-देन कर रहे थे।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने टी. भार्गव राव के साथ ज्ञानेश मंडावी, हर्षित साहू और दीपक प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फैजान कुरैशी नामक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

मोबाइल जब्त, खातों की जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपियों के बैंक खातों और लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।