March 3, 2026

IND vs USA T20 World Cup 2026: सूर्यकुमार यादव की 84 रनों की पारी से भारत ने USA को 29 रन से हराया

मुंबई। भारतीय टीम ने ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को 29 रन से शिकस्त दी। कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।

यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जिसके बाद टीम इंडिया ने 20 ओवर में 161 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।


USA की पारी लड़खड़ाई

162 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। संजय कृष्णमूर्ति ने 37, मिलिंद कुमार ने 34 और शुभम रंजन ने 27 रन बनाए। इनके अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं सका।

भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट झटके। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को 2-2 सफलता मिली, जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 1 विकेट लिया।


भारत की बल्लेबाजी रही संघर्षपूर्ण

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी संभाली, लेकिन पावरप्ले के आखिरी ओवर में तीन विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।

रिंकू सिंह 6 और हार्दिक पंड्या सस्ते में आउट हुए। एक समय भारत का स्कोर 77/6 था।

इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव और अक्षर पटेल ने अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। अक्षर 14 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन सूर्यकुमार यादव अंत तक डटे रहे।


सूर्यकुमार यादव का शानदार शो

सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उन्होंने कप्तान के रूप में अपना 8वां टी20 अर्धशतक लगाया और टी20 क्रिकेट में 1000 रन भी पूरे किए।

उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


6 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके

भारत के 6 बल्लेबाज 10 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके। विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना खेल रही टीम इंडिया की बल्लेबाजी में अभी सुधार की जरूरत दिखाई दी।


अगला मुकाबला कब?

भारतीय टीम अब अपना अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेलेगी। वहीं यूएसए 10 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ेगी। दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होंगे।