July 23, 2026

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारी शुरू: ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर विशेष आयोजन, सरकार ने जारी किए दिशा-निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी ढंग से मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस वर्ष का आयोजन विशेष महत्व का होगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय समारोहों में इसका सामूहिक गायन कराया जाएगा। शासन ने सभी जिला कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को कार्यक्रमों के सफल आयोजन और समुचित निगरानी के निर्देश दिए हैं।

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण

15 अगस्त को सुबह 9 बजे राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर विशेष आयोजन

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय कार्यक्रमों में इसका सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

जिलों और पंचायतों में भी होंगे समारोह

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री का संदेश पढ़ेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं जनपद पंचायत मुख्यालयों, नगर पालिकाओं, ग्राम पंचायतों और बड़े गांवों में भी ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और राष्ट्रीय एकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों का होगा सम्मान

शासन ने निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए। साथ ही 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन भी स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

सरकारी भवनों पर होगी रोशनी

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की गई है।

स्कूलों में होंगे विविध आयोजन

शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण जैसे आयोजन किए जाएंगे। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा और केवल देशभक्ति व मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी।