September 4, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर BJP और कांग्रेस कार्यालय में फहराया तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजा रायपुर

रायपुर। आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के गौरवपूर्ण अवसर पर पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी स्वतंत्रता दिवस का उत्साह नजर आया। सुबह से ही राजधानी रायपुर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। राजनीतिक दलों के प्रदेश मुख्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से परिसर गूंज उठे। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

BJP प्रदेश कार्यालय में पवन साय ने किया ध्वजारोहण

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और भारत माता की जय के नारों से परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, निगम-मंडल और आयोगों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

राजीव भवन में PCC चीफ दीपक बैज ने फहराया तिरंगा

कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया। PCC चीफ दीपक बैज ने देश की आजादी के लिए योगदान देने वाले सभी महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि देश लगातार तरक्की करे और हर क्षेत्र में विकास हो, यही सभी की कामना है।

दीपक बैज ने कहा कि पहली बार बस्तर के 90 से अधिक गांवों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराया गया, जो गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने इन गांवों के ग्रामीणों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।