May 13, 2026

Raipur में महिला क्रिकेट का ऐतिहासिक आगाज़: भारत-जिम्बाब्वे पहली द्विपक्षीय T20 और ODI सीरीज

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस साल क्रिकेट इतिहास का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। अब तक जहां इस मैदान पर केवल भारतीय पुरुष टीम ने अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं, वहीं पहली बार यहां भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी इंटरनेशनल मैच खेलती नजर आएगी। यह मुकाबले भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच होने वाली पहली द्विपक्षीय सीरीज का हिस्सा होंगे।

Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में अक्टूबर महीने में तीन टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 16 अक्टूबर को, दूसरा 18 अक्टूबर को और तीसरा 20 अक्टूबर को होगा। इसके बाद सीरीज का वनडे चरण वडोदरा में आयोजित किया जाएगा, जहां 23, 25 और 28 अक्टूबर को तीन एकदिवसीय मैच होंगे।

यह पहली बार है जब भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें किसी द्विपक्षीय सीरीज में आमने-सामने होंगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच मुकाबले केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर तक ही सीमित रहे हैं। जिम्बाब्वे महिला टीम का यह भी पहला भारत दौरा होगा, जिससे इस सीरीज का महत्व और बढ़ जाता है।

BCCI Women ने इस शेड्यूल को ऐसे समय में जारी किया है जब महिला क्रिकेट में द्विपक्षीय सीरीज की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। खासकर 2027 में होने वाली महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी को देखते हुए यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अहम तैयारी मानी जा रही है।