रायपुर। भारतीय सेना में भर्ती वर्ष 2027 की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। भारतीय सेना द्वारा ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। यह परीक्षा 1 जून से शुरू होकर 12 जून तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो चरणों में संपन्न होगी, जिसमें पहला चरण 1 जून से 5 जून और दूसरा चरण 8 जून से 12 जून तक चलेगा।
छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार राज्य के पांच प्रमुख शहरों भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
भारतीय सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी होने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और परीक्षा के दिन निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें।
इसके साथ ही भर्ती प्रक्रिया या परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 0771-2965212 और +91-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष है। चयन केवल उम्मीदवार की योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल या अफवाहों के झांसे में न आएं।





