इटारसी। छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी और वर्तमान में इंदौर के बेटमा में रह रहे एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। खाना खाने के बाद एक ही परिवार की तीन मासूम सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो बच्चियों की मौत इंदौर में इलाज के दौरान हुई, जबकि तीसरी ने शवों को रायपुर ले जाते समय इटारसी के अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
इलाज के दौरान दो बहनों की मौत
जानकारी के मुताबिक, बेटमा में खाना खाने के बाद 8 वर्षीय विशुका और 6 वर्षीय विधि की तबीयत बिगड़ गई थी। दोनों को इलाज के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजन दोनों बच्चियों के शवों को एम्बुलेंस से रायपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में 10 वर्षीय आशी की तबीयत अचानक बिगड़ गई।

इटारसी अस्पताल में तीसरी बच्ची ने तोड़ा दम
आशी की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इटारसी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन करीब एक घंटे के उपचार के बाद आशी ने भी दम तोड़ दिया।
तीनों बच्चियों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
शुरुआती जांच में बच्चियों की मौत के पीछे उल्टी-दस्त और फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
इटारसी थाना प्रभारी सौरभ पांडे के मुताबिक, घटना की शुरुआत इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र से हुई है। इसलिए इटारसी पुलिस ने ‘शून्य पर मर्ग’ कायम कर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। केस डायरी संबंधित बेटमा थाने को भेजी जाएगी।
पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने तीनों मृत बच्चियों आशी, विशुका और विधि के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर खाना खाने के बाद तीनों बच्चियों की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी।





