कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उद्योग मंत्री और कोरबा नगर विधायक श्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को शहर के विभिन्न शिवालयों में आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। जेसीआई कोरबा द्वारा मोतीसागर बस्ती के समीप मुक्तिधाम में स्थापित भगवान शंकर की 18 फीट ऊंची प्रतिमा का मंत्री देवांगन ने पूजा-अर्चना कर अनावरण किया।

इस दौरान मंत्री ने जेसीआई कोरबा के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा करते हुए बताया कि उनके महापौर रहते हुए इस मुक्तिधाम का कायाकल्प किया गया था और अब इसका सुचारू संचालन हो रहा है। समारोह में अन्य गणमान्य अतिथि और नगरसेवक भी उपस्थित रहे।

मंत्री ने मानिकपुर में भगवान शंकर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भी भाग लेकर पूजा-अर्चना की और समिति की मांग पर सामुदायिक भवन हेतु 15 लाख रुपये की घोषणा की। इसके अलावा नेहरू नगर कुआं भट्ट के शिव मंदिर परिसर में आयोजित रुद्राभिषेक में भी शामिल होकर 5 लाख की राशि किचन शेड निर्माण के लिए घोषित की।
बालको नगर के परसा भाटा बिहीबड़ी स्थित नवनिर्मित शंकर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेने के साथ मंत्री ने क्षेत्रवासियों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त की और सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।
इसके अतिरिक्त, कोरबा नगर निगम क्षेत्र के गौरी शंकर मंदिर के निकट बने 10 लाख रुपये लागत के सामुदायिक भवन का उद्घाटन भी मंत्री देवांगन ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।






