July 23, 2026

21 जून को मनाया जाएगा 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, सरगुजा में होगा राज्य स्तरीय आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 21 जून को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रखी गई है। आयोजन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सरगुजा में होगा मुख्य कार्यक्रम
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन सरगुजा जिले में प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक होंगे आयोजन
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य के सभी जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत के प्रमुख स्थलों पर योगाभ्यास कार्यक्रम अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

NEET परीक्षार्थियों को नहीं होगी परेशानी
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 21 जून को ही NEET री-एग्जाम भी आयोजित होना है। ऐसे में योग दिवस के कार्यक्रमों से परीक्षा केंद्रों और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
आयुष विभाग के अनुसार, 14 जून से ऑनलाइन योग अभ्यास सत्र के माध्यम से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सुबह 6:15 बजे से 7:35 बजे तक आयोजित होने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की योजना है।

टोल-फ्री नंबर से होगा पंजीयन
योग दिवस में सहभागिता के लिए आयुष विभाग ने टोल-फ्री नंबर 1800-315-7008 जारी किया है। नागरिक मिस्ड कॉल देकर पंजीयन करा सकते हैं। इसके अलावा आयुष मंत्रालय के योग संगम पोर्टल 2026 पर संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान, स्थानीय निकाय और विभिन्न संगठन अपने कार्यक्रमों का पंजीयन कर सकते हैं तथा आयोजन के बाद विवरण और फोटो अपलोड कर सकते हैं।

अधिकारियों को दिए गए निर्देश
बैठक में सभी विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और कलेक्टरों को अधीनस्थ संस्थाओं का पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित कराने और आयोजन की जानकारी अपलोड कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और योग आयोग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।