May 18, 2026

48 घंटे में बड़ा ऑपरेशन: 9 अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, 9 राज्यों तक फैला नेटवर्क ध्वस्त

रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। उड़ीसा के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने 48 घंटे के विशेष अभियान में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से देश के कई राज्यों में फैले तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

48 घंटे चला विशेष अभियान
अंतर्राज्यीय तस्करों के खिलाफ एसीसीयू, एएनटीएफ और विभिन्न थानों की 50 सदस्यीय टीम गठित की गई थी। प्राइम साप डॉ. नरेश पटेल के नेतृत्व में टीम ने लगातार 48 घंटे तक अभियान चलाकर उड़ीसा के बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, कंधमाल और बौध जिलों में एक साथ दबिश दी।

9 राज्यों तक फैला था नेटवर्क
पुलिस ने 6 अलग-अलग मामलों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महाराष्ट्र और 8 ओडिशा के निवासी हैं। इस कार्रवाई से मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और ओडिशा तक फैले गांजा तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है।

पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
हाल ही में आजाद चौक क्षेत्र में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया था, जो मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ की तस्करी में शामिल थे।

नशे के खिलाफ लगातार सख्ती
पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद आईजी संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में 107 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब ढाई करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

36 अंतर्राज्यीय आरोपी शामिल
गिरफ्तार 107 आरोपियों में 36 अंतर्राज्यीय तस्कर शामिल हैं, जिनमें पंजाब, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान और बिहार के आरोपी शामिल हैं।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।