रायपुर। राजधानी रायपुर के होटल हयात में ठगी कर होटल का बिल और लैपटॉप लेकर फरार हुए अंतरराज्यीय शातिर ठग को पुलिस ने घटना के 72 घंटे के भीतर ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान तमिलनाडु निवासी 69 वर्षीय बिंगसन जॉन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ देश के 10 से अधिक राज्यों में 300 से ज्यादा ठगी और चोरी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 25 जून को होटल हयात में कमरा लिया था और 27 जून की सुबह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया। उसने होटल का 63,755 रुपये का बिल नहीं चुकाया और होटल प्रबंधन द्वारा उपयोग के लिए दिया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में ट्रेस की। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह वर्ष 1990 से देशभर के महंगे और पांच सितारा होटलों को निशाना बना रहा है। वह खुद को विदेशी ट्रैवल गाइड, अंग्रेजी शिक्षक और योग प्रशिक्षक बताकर होटलों में ठहरता था और सुविधाओं का उपयोग करने के बाद बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था। कई मामलों में वह होटल का सामान भी चोरी कर ले जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 15 वर्ष विभिन्न राज्यों की जेलों में रह चुका है। वर्ष 1996 में वह पहली बार तिहाड़ जेल गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित होकर इस तरह की वारदातों को अंजाम देने लगा। फिलहाल तेलीबांधा थाना पुलिस भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी के देशभर में फैले आपराधिक रिकॉर्ड और नेटवर्क की जांच कर रही है।





