May 14, 2026

IPL 2026 : रायपुर में क्रिकेट का क्रेज हाई, MI-RCB मैच के टिकट मिनटों में सोल्ड आउट, कालाबाजारी तेज

आईपीएल 2026 के दो बड़े मुकाबलों को लेकर राजधानी रायपुर पूरी तरह क्रिकेट के रंग में रंगी हुई है। 10 मई को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जबकि 13 मई को आरसीबी और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगे। मैचों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

मिनटों में बिक गए टिकट
मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच होने वाले मुकाबले के लिए जैसे ही दूसरे चरण की टिकट बिक्री शुरू हुई, वैसे ही टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड आउट हो गए। 2600 रुपये से लेकर 8000 रुपये तक के टिकट तेजी से बिके। खासकर कम कीमत वाले टिकटों की सबसे ज्यादा डिमांड रही।

पहले चरण में स्टेडियम की आगे की सीटें पहले ही भर चुकी थीं, इसलिए दूसरे चरण में पीछे की सीटों के टिकट उपलब्ध थे। इसके बावजूद महंगे टिकट भी तेजी से बिक गए।

वहीं 13 मई को होने वाले आरसीबी बनाम केकेआर मुकाबले के लिए अब तक करीब 60 प्रतिशत टिकटों की बिक्री हुई है, जबकि 40 प्रतिशत टिकट अभी उपलब्ध बताए जा रहे हैं।

कालाबाजारी ने बढ़ाई परेशानी
मैच को लेकर बढ़ते क्रेज के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी तेज हो गई है। एजेंट और दलाल टिकटों को कई गुना ज्यादा कीमत पर बेच रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक 3000 रुपये वाला टिकट 6000 रुपये या उससे ज्यादा में बेचा जा रहा है। वहीं प्रीमियम स्टैंड के टिकट 16000 रुपये तक पहुंच गए हैं। इससे आम क्रिकेट प्रेमियों को टिकट मिलने में भारी परेशानी हो रही है।

मुंबई इंडियंस टीम रायपुर पहुंची
10 मई के मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और अन्य खिलाड़ी भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से होटल पहुंचे। एयरपोर्ट पर फैंस ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया।

हालांकि टीम कप्तान हार्दिक पांड्या अभी टीम के साथ नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में जरूरत पड़ने पर सूर्यकुमार यादव कप्तानी संभाल सकते हैं। टीम फिलहाल नवा रायपुर स्थित मेफेयर होटल में ठहरी हुई है।

9 मई को रायपुर पहुंचेगी RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 9 मई को विराट कोहली के साथ रायपुर पहुंचेगी। टीम दोनों मुकाबलों की तैयारी के लिए पांच दिनों तक शहर में रुकेगी। खिलाड़ियों का अभ्यास सत्र शाम को रखा गया है ताकि गर्मी से बचा जा सके।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने दोनों टीमों की सुरक्षा को लेकर स्टेडियम और होटल परिसर में कड़े इंतजाम किए हैं। सुरक्षा कारणों से अभ्यास सत्र में दर्शकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।