July 23, 2026

वैभव सूर्यवंशी बने IPL 2026 के स्टार, 776 रन के साथ जीता ऑरेंज कैप

नई दिल्ली। आईपीएल 2026 का समापन रोमांचक अंदाज में हुआ, जहां रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। हालांकि पूरे सीजन में जिस खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, वह रहे राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी।

बिहार के इस युवा खिलाड़ी ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए और शानदार स्ट्राइक रेट 237.31 के साथ ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक लगाए, जबकि 72 छक्के और 63 चौके जड़े।

वैभव सूर्यवंशी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन सहित कई बड़े अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया। उन्हें इनाम के तौर पर 35 लाख रुपये और टाटा सिएरा कार भी मिली।

पुरस्कार समारोह के दौरान इंटरव्यू में वैभव ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “सर, मैं आजकल दूध नहीं पी रहा हूं।” वहीं उन्होंने कहा कि हर मैच अलग होता है और उसे उसी रणनीति के साथ खेलना जरूरी है।

वैभव ने टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा भी जताई और कहा कि वह रेड बॉल क्रिकेट में भी खुद को साबित करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम के माहौल, सीनियर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को दिया।

इसी सीजन में बिहार के अन्य खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जिनमें गोपालगंज के मुकेश कुमार ने 17 विकेट, साकिब हुसैन ने 15 विकेट और समस्तीपुर के अनुकूल राय ने 9 विकेट लिए।