राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में IPL सीजन के बीच ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा मामला सामने आया है। राजनांदगांव पुलिस ने एक हाईटेक सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। यह रैकेट एक फार्महाउस से संचालित किया जा रहा था, जहां “सांई ऐप” के जरिए हर बॉल और ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस की छापेमारी के दौरान यह खुलासा हुआ कि आरोपी कोड वर्ड के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे। पूरा नेटवर्क मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों के जरिए चलाया जा रहा था। मौके से पुलिस ने 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और 1,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। सट्टा-पट्टी में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये का हिसाब भी मिला है, जबकि जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

इस कार्रवाई में कुल 7 आरोपियों की पहचान की गई थी, जिनमें से वीरू प्रजापति, रूपेश पांडे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मूलचंद देवांगन और नागपुर निवासी सादिक खान फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 और 8 के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 112 और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।





