धमतरी।
आईपीएस अधिकारी भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी जिले की नई पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विभागीय प्रक्रिया के तहत उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील मामलों, विशेष अभियानों और सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नवपदस्थ एसपी का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को नई दिशा देने का भरोसा जताया।
पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित नियंत्रण और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना होगी। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्था और कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए शाखा प्रभारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए।
एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि टीमवर्क, ईमानदारी, जवाबदेही और समर्पण के साथ धमतरी पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और जनविश्वास आधारित पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी रागिनी मिश्रा, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





