Raipur | 26 मार्च 2026
रायपुर। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी रतन लाल डांगी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है।
गृह (पुलिस) विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि अधिकारी ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं किया। साथ ही उनके व्यवहार को नैतिकता और सेवा नियमों के विपरीत माना गया है।
सेवा नियमों के उल्लंघन का आरोप
आदेश के अनुसार, रतन लाल डांगी पर पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक मानकों का उल्लंघन करने के आरोप लगे हैं। उनकी गतिविधियों के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा है।
इस आधार पर उनके खिलाफ अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
निलंबन अवधि में PHQ रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
साथ ही आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि वे सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
प्रशासनिक अनुशासन पर सख्ती
सरकार की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने की दिशा में सख्त कदम माना जा रहा है।





