March 3, 2026

छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क, अगले 4 दिनों में 2-3 डिग्री बढ़ेगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

प्रदेश में दिनभर मौसम शुष्क रहा और वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक रहे। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय से गंगीय पश्चिमी पश्चिम बंगाल, आंतरिक ओडिशा तथा दक्षिणी छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर से गुजरने वाली द्रोणिका समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। हालांकि, इसका प्रदेश में फिलहाल कोई विशेष प्रभाव नहीं दिख रहा है।

रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की है और आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क बने रहने के संकेत हैं।