July 30, 2026

इजराइल में होम-बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती, छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर; मुफ्त आवास-भोजन समेत कई सुविधाएं

रायपुर। इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से इजराइल में होम-बेस्ड केयर गिवर के 3500 पदों पर भर्ती की जा रही है। यह भर्ती नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NSDC) के तहत भारत-इजराइल समझौते के अंतर्गत की जा रही है।

विभागीय जानकारी के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों का प्रारंभिक अनुबंध दो वर्ष का होगा, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। नियोजक की ओर से आवास, भोजन और चिकित्सा बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

कटौतियों के बाद चयनित उम्मीदवारों को प्रतिमाह लगभग 1 लाख 99 हजार 770 रुपये की इन-हैंड सैलरी मिलेगी। इसके अलावा 9 दिनों का राष्ट्रीय अवकाश, 16 दिनों की वार्षिक छुट्टी और सप्ताह में 6 दिन कार्य करने की व्यवस्था रहेगी।

आवेदन के लिए पात्रता

  • आयु 25 से 45 वर्ष के बीच हो।
  • न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण और 12वीं में अंग्रेजी विषय का अध्ययन किया हो।
  • लंबाई 1.5 मीटर से अधिक और वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो।
  • कम से कम 3 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट होना अनिवार्य।
  • अभ्यर्थी पहले कभी इजराइल में कार्यरत न रहा हो।

तकनीकी योग्यता भी जरूरी

उम्मीदवारों के पास 990 घंटे की ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग सहित केयर गिविंग का मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र होना चाहिए। इसके अलावा जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट या मिडवाइफ से संबंधित योग्यता रखने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।

ऐसे होगा चयन

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को पहले छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर पंजीयन करना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन, काउंसिलिंग, स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंतिम चरण में इजराइली नियोक्ता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन इंटरव्यू लेंगे और चयन करेंगे।

रोजगार विभाग ने पात्र एवं इच्छुक युवाओं से जल्द से जल्द पंजीयन कराने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।