जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर का प्रतिष्ठित सिटी ग्राउंड मंगलवार 10 फरवरी को ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 280 जोड़ों ने एक ही मंडप के नीचे वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह ने उस समय और गौरव हासिल किया, जब पूरे प्रदेश में एक साथ 6,412 जोड़ों का विवाह कराकर छत्तीसगढ़ का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।

जगदलपुर में आयोजित यह सामूहिक विवाह पारंपरिक संस्कृति और भव्य आयोजन के कारण आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह की शुरुआत भव्य बारात से हुई, जिसमें 280 वरों के साथ उनकी माताएं हाथों में कलश और दीप लेकर परंपरागत रूप से चलती नजर आईं। बस्तर की पारंपरिक बाजा-मोहरी की मधुर धुनों के बीच निकली बारात ने पूरे शहर को उत्सवमय बना दिया।

परंपराओं के साथ संपन्न हुआ विवाह
विवाह मंडप में हरिद्रालेपन, जयमाला, सप्तपदी और हवन जैसी रस्में पूरे विधि-विधान से संपन्न कराई गईं। हवन से उठती सुगंध और मंत्रोच्चार के बीच नव-दंपत्तियों ने नए जीवन का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में भावुकता और उल्लास का वातावरण बना रहा।
मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ा सहारा है। पहले बेटियों के विवाह के लिए माता-पिता को कर्ज या संपत्ति गिरवी रखनी पड़ती थी, लेकिन 2005 में शुरू हुई यह योजना आज गरीब परिवारों को सम्मानजनक सहारा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की सहायता राशि जो पहले 5 हजार रुपये थी, वह अब बढ़कर 50 हजार रुपये तक पहुंच चुकी है।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में महापौर श्री संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, नगर निगम सभापति श्री खेमसिंह देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पदलाम नाग सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नव-दंपत्तियों को सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा डिप्टी कलेक्टर सुश्री नंदिनी साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री मनोज सिन्हा सहित अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से यह विशाल आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





