September 4, 2026

5वीं वाहिनी की कर्मचारी कल्याण समिति में 3 करोड़ के गबन का मामला, एक और प्रधान आरक्षक गिरफ्तार

जगदलपुर। जगदलपुर की 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब 3 करोड़ रुपये के गबन के मामले में पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। मामले में पुलिस ने एक और प्रधान आरक्षक संजय चौहान को गिरफ्तार किया है। इससे पहले समिति के अध्यक्ष और प्रधान आरक्षक शिवकांत तिवारी की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामला कंगोली स्थित 5वीं वाहिनी की कर्मचारी कल्याण साख समिति से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2012 से 2021 के बीच समिति के लोन खातों और जमा राशि में कथित तौर पर हेराफेरी की गई। इस दौरान फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। शिकायत के आधार पर परपा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान समिति के अध्यक्ष शिवकांत तिवारी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें 29 जुलाई को गिरफ्तार किया था। इसके बाद वित्तीय कामकाज में उनके सहायक रहे प्रधान आरक्षक संजय चौहान की भूमिका भी जांच के दायरे में आई।

पुलिस ने संजय चौहान से पूछताछ की और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब दोनों आरोपियों की भूमिका और गबन की रकम से जुड़े लेन-देन की जांच कर रही है।

और कर्मचारियों की हो सकती है गिरफ्तारी

बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य कर्मचारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी और गिरफ्तारी हो सकती है।

फिलहाल करीब 3 करोड़ रुपये की गबन राशि की बरामदगी नहीं हो सकी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि समिति की रकम में किस तरीके से हेराफेरी की गई और इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं।