May 15, 2026

बकावंड में ओलावृष्टि से 50 एकड़ फसल तबाह, किसानों पर टूटा संकट

जगदलपुर। जिले के बकावंड ब्लॉक में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बकावंड के टलनार गांव में शनिवार-रविवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से करीब 50 एकड़ में लगी फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, खेतों में खड़ी सब्जियां और मक्का की फसल कुछ ही मिनटों में ओलों की मार से बर्बाद हो गई। स्थानीय किसानों ने टमाटर, पत्तागोभी सहित कई मौसमी सब्जियों की खेती की थी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद में भारी लागत भी लगाई थी। लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

फिलहाल खेतों में फसल की जगह नुकसान की तस्वीर साफ नजर आ रही है, जबकि मक्का की फसल भी पूरी तरह जमीन पर बिछ चुकी है।

किसानों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की थी, ऐसे में अब फसल बर्बाद होने के बाद आर्थिक नुकसान की भरपाई करना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उनका कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

गौरतलब है कि बस्तर जिले में शनिवार और रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली थी, जिसके चलते कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसका सबसे ज्यादा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ा है।

पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस आर्थिक संकट से उबर सकें।