जगदलपुर। बस्तर जिला में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भनपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशरपाल आवासपारा गांव में दबिश देकर पुलिस ने एक घर से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक घर में अवैध रूप से गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारा, जहां एक कमरे में प्लास्टिक के नीले ड्रम के अंदर छिपाकर रखा गया 33.25 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख 62 हजार 500 रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी किशोर बघेल (60), निवासी केशरपाल, को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





