जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अंधविश्वास के चलते एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां दो भाइयों ने मिलकर एक ग्रामीण की चाकू मारकर हत्या कर दी। यह मामला दरभा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, मृतक मंगलू मंडावी पखनार गांव का रहने वाला था। गांव में ही रहने वाले दो भाई आयतू और सुखराम मड़कामी को उस पर जादू-टोना करने का शक था। इसी शक के आधार पर दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
आम के पेड़ के नीचे दिया वारदात को अंजाम
गुरुवार 30 अप्रैल को मंगलू अपने घर के पास आम के पेड़ के नीचे बैठा था। इसी दौरान दोनों आरोपी शराब के नशे में वहां पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे मंगलू की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद घेराबंदी कर दोनों आरोपियों आयतू और सुखराम मड़कामी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज किया गया है, जिसके तहत दोष सिद्ध होने पर आरोपी को मृत्युदंड या आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।





