जगदलपुर | 12 फरवरी 2026
बस्तर जिले के दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने के लिए कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना के विस्तार के निर्देश देते हुए उन्होंने जिले के अंतिम छोर तक बस सेवा पहुँचाने का रोडमैप तैयार करने को कहा है।
जिन क्षेत्रों में सड़कें तो बन चुकी हैं लेकिन बस सेवा उपलब्ध नहीं है, वहाँ अब नियमित परिवहन सुविधा शुरू की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को बाजार, अस्पताल और शिक्षण संस्थानों तक पहुँचने में आसानी हो सके। अब तक इन इलाकों के ग्रामीणों को निजी वाहनों या पैदल यात्रा पर निर्भर रहना पड़ता था।
कलेक्टर श्री छिकारा ने इस विषय को समय-सीमा बैठक में सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए परिवहन विभाग को नए ग्रामीण मार्ग चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा सभी अनुविभागीय अधिकारियों और जनपद सीईओ को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक नए रूट चयन कर एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया है।
प्रस्ताव तैयार होने के बाद राज्य शासन को भेजा जाएगा, जिससे शीघ्र ही नए मार्गों पर बस संचालन शुरू किया जा सके। इस पहल से बस्तर के अंदरूनी इलाकों में आवागमन के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी।




