March 4, 2026

जगदलपुर में बिलोरी ग्राम में “जल ही जीवन है” नारे के साथ जल अर्पण दिवस का आयोजन

जगदलपुर, 13 फरवरी 2026 – लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के तत्वावधान में ब्लॉक जगदलपुर, ग्राम पंचायत बिलोरी-1 में जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही ग्राम के पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तृत नक्शा प्रदर्शित किया गया, ताकि ग्रामीण अपनी जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझ सकें।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत को उनके सक्रिय सहयोग और जल संरक्षण के प्रयासों के लिए विशेष प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। विशेषज्ञों ने स्वच्छ जल के महत्व पर जोर दिया और ग्रामीणों को स्वयं जल की शुद्धता जांचने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।

इस अवसर पर रंगोली, लोकगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों में उत्साह का संचार हुआ। पंचों और जनपद सदस्य ने जल संरक्षण के लिए ग्रामीणों से शपथ लेने का आग्रह किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार, पटेल, ग्रामीण और स्कूली बच्चे भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हुए, जिससे यह आयोजन एक जन-आंदोलन का रूप ले गया।