May 15, 2026

जगदलपुर में BPCL कर्मचारी का शव घर में मिला, कलाई की नस कटी, जांच जारी

जगदलपुर: शहर के लालबाग इलाके स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में BPCL में कार्यरत अतुल शर्मा का शव उनके घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक रिटायर्ड फॉरेस्ट रेंजर के पुत्र बताए जा रहे हैं और घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके परिजन रायपुर में निवासरत हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घर अंदर से बंद पाया गया। वहीं मृतक की कलाई की नस कटी हुई मिली है, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घर का केयरटेकर एक दिन पहले वहां पहुंचा था, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर लौट गया। इसके बाद सुबह कॉलोनीवासियों को घर से बदबू आने पर शक हुआ और उन्होंने वार्ड पार्षद को सूचना दी। पार्षद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बेड पर अतुल शर्मा का शव पड़ा मिला और कमरे में खून फैला हुआ था।

पुलिस के अनुसार, शव करीब 2 से 3 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।