जगदलपुर, 2 मार्च 2026। जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने रविवार को ज्ञानगुड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेते हुए कहा कि ज्ञानगुड़ी के स्वरूप को और अधिक विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर और प्रतिस्पर्धी शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
वर्तमान में केंद्र में नीट, जेईई, पीएटी और नर्सिंग जैसी प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग संचालित की जा रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अब यहां एसएससी सहित केंद्र एवं राज्य स्तरीय अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी शुरू करवाई जाए। इससे स्थानीय युवाओं को उच्च स्तरीय कोचिंग के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री छिकारा ने शिक्षकों के सेवा भाव और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं, जिला प्रशासन द्वारा उनके समर्पण को सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि अध्यापन कार्य को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि किसी भी शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान शासन से प्राप्त पुरस्कार नहीं, बल्कि विद्यार्थियों द्वारा उन्हें श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में स्वीकार किया जाना है।
जिला प्रशासन का यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करने वाला माना जा रहा है।




