March 4, 2026

जगदलपुर: संभाग स्तरीय रोजगार मेला 16 फरवरी से, 1537 पदों पर होगी सीधी भर्ती

जगदलपुर | 12 फरवरी 2026

बस्तर संभाग के शिक्षित युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जगदलपुर द्वारा 16 एवं 17 फरवरी को दो दिवसीय संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला आड़ावाल स्थित लाईवलीहुड कॉलेज परिसर में प्रातः 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक आयोजित होगा।

रोजगार मेले में निजी क्षेत्र के 17 नियोजक भाग लेंगे, जो तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 1537 पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर सीधी भर्ती करेंगे। इस मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। इच्छुक युवा विभागीय पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर जाकर रिक्तियों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा ई-रोजगार ऐप, लोक सेवा केंद्र या नजदीकी रोजगार कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन के पश्चात अभ्यर्थियों को मेला स्थल पर प्रवेश पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा नया बस स्टैंड जगदलपुर से रोजगार मेला स्थल आड़ावाल तक निःशुल्क बस सेवा संचालित की जाएगी। किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 1800-233-2203 पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।