जगदलपुर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा निजी वाहनों और स्कूली बसों के परिचालकों के लिए 27 फरवरी को आड़ावाल स्थित आरटीओ कार्यालय में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार यह शिविर परिचालक लाइसेंस जारी करने से पहले अनिवार्य स्वास्थ्य परीक्षण और आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता के प्रशिक्षण हेतु आयोजित किया जा रहा है।
शिविर सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें रेडक्रॉस सोसायटी और स्वास्थ्य विभाग की टीम परिचालकों को प्राथमिक चिकित्सा, बस यात्रियों की सुरक्षा और देख-रेख संबंधी प्रशिक्षण देगी। मौके पर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद आवश्यक प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे, जिनके आधार पर परिचालक लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि बस एसोसिएशन के अध्यक्षों, सभी बस मालिकों और स्कूल प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अधीन सभी महिला और पुरुष परिचालकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। शिविर में उपस्थित होने वाले आवेदकों को आधार कार्ड, पैन कार्ड और तीन पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। विभाग का मानना है कि यह प्रशिक्षण परिचालकों को कानूनी मान्यता प्राप्त लाइसेंस दिलाने के साथ ही यात्रियों को आकस्मिक स्थिति में त्वरित सहायता देने में सक्षम बनाएगा।




