जगदलपुर।
केंद्रीय जेल जगदलपुर से 25 मार्च को फरार हुए बंदी को बस्तर पुलिस ने चार महीने बाद गिरफ्तार कर लिया है। शातिर आरोपी महेंद्र दीवान को नारायणपुर से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दोबारा केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
पहले भी जेल से हो चुका था फरार
पुलिस के अनुसार, महेंद्र दीवान को कांकेर और दंतेवाड़ा में चोरी के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। दंतेवाड़ा जिला अदालत ने उसे 5 वर्ष 3 माह के कारावास की सजा सुनाई थी। पहले उसे दंतेवाड़ा जिला जेल में रखा गया, लेकिन वहां से भी वह फरार हो गया था।
जगदलपुर जेल से भी भाग निकला था आरोपी
दंतेवाड़ा जेल से दोबारा गिरफ्तारी के बाद जनवरी 2026 में महेंद्र दीवान को केंद्रीय जेल जगदलपुर स्थानांतरित किया गया। इसके बावजूद वह 25 मार्च को यहां से भी फरार होने में सफल हो गया था।
नारायणपुर से दबोचा गया आरोपी
करीब चार महीने तक तलाश के बाद बस्तर पुलिस ने आरोपी को नारायणपुर से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे पुनः केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





