जगदलपुर। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने नकली और संदिग्ध खाद-बीज कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग की जांच में अनियमितताएं मिलने पर 33 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि 28 दुकानों में खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने जिलेभर में व्यापक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान कई दुकानों में नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद-बीज मिलने पर कार्रवाई की गई, ताकि किसानों तक केवल प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद ही पहुंच सकें।
6 दुकानों से खाद-बीज जब्त, एक पर एफआईआर
कार्रवाई के तहत 6 दुकानों से खाद-बीज जब्त कर प्रकरण कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं। वहीं गंभीर अनियमितता के एक मामले में संबंधित विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित और दो अन्य दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए हैं।
स्टॉक और मूल्य सूची प्रदर्शित करना होगा अनिवार्य
कृषि विभाग ने सभी खाद-बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी दुकानों में उपलब्ध स्टॉक और निर्धारित बिक्री मूल्य को अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी, नकली खाद-बीज की बिक्री या नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसानों के हितों की रक्षा के लिए अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिलेभर में निरीक्षण और जांच अभियान लगातार जारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और नकली या अमानक खाद-बीज बेचने वाले कारोबारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





