July 23, 2026

जगदलपुर गोंचा रथयात्रा में हादसा: रथ के पहिए की चपेट में आई बुजुर्ग महिला, हथेली में फ्रैक्चर

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में ऐतिहासिक गोंचा महापर्व के दौरान गुरुवार को रथयात्रा में एक बड़ा हादसा हो गया। गोलबाजार के पास रथ खींचने के दौरान एक बुजुर्ग महिला अचानक रथ के पहिए की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की हथेली में फ्रैक्चर हो गया, जबकि समय रहते रथ रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

गोलबाजार के पास हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रथयात्रा के दौरान महिला का हाथ अचानक रथ के पहिए के नीचे आ गया और पहिया उसकी हथेली के ऊपर से गुजर गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं और रथ खींच रहे लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए रथ को रोक दिया और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

हथेली में फ्रैक्चर, हालत स्थिर

अस्पताल में प्राथमिक जांच के बाद महिला की हथेली में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि पहिया केवल हाथ के ऊपर से गुजरने के कारण महिला की जान सुरक्षित बच गई।

कुछ देर के लिए मचा अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद रथयात्रा स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, स्थिति सामान्य होने और आवश्यक व्यवस्था के बाद गोंचा महापर्व की रथयात्रा दोबारा शुरू कर दी गई।