जगदलपुर। शहर में एक प्रेम कहानी ने दर्दनाक मोड़ ले लिया, जहां इश्क ही एक युवक की मौत की वजह बन गया। परपा थाना क्षेत्र के तोकापाल में 24 वर्षीय हिमांशु मौर्य ने कथित रूप से प्रेमिका की बेरुखी से आहत होकर जहर का सेवन कर लिया।
जानकारी के अनुसार, जहर खाने के बाद भी युवक अपनी प्रेमिका के सेंटर पहुंचा और बातचीत न करने को लेकर नाराजगी जताई। उसने प्रेमिका को जहर खाने की बात भी बताई, लेकिन कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। युवती के पिता की सूचना पर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब आठ साल से प्रेम संबंध था और परिवार भी इस रिश्ते से परिचित थे। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से बातचीत बंद होने के कारण युवक मानसिक तनाव में था। घटना वाले दिन वह बिना खाना खाए घर से निकला और रास्ते में जहर खरीदकर सेवन कर लिया।
मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घर में मां और छोटा भाई हैं, जिन पर इस घटना के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






