जगदलपुर। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में 6 दिन पहले हुई चोरी की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने गंभीर रुख अपनाया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा के सभी पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान मंदिर की वर्तमान संरचना, प्रवेश द्वार और मौजूदा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक किरण सिंह देव ने मंदिर के पुजारियों और स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी राय भी जानी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। उन्होंने बताया कि मंदिर के प्रवेश द्वारों पर आयरन की मोटी चादरों से नए और मजबूत दरवाजे लगाए जाएंगे। साथ ही चैनल गेट को भी और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
बताया गया कि वर्तमान में लगे लकड़ी के दरवाजे काफी पुराने और कमजोर हो चुके थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने दरवाजे तोड़ दिए और माता के गले से सोने-चांदी के हार चुरा लिए।

अब तक आरोपी गिरफ्त से बाहर
चोरी की घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। हालांकि, अब मंदिर की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही जा रही है। सुरक्षा को स्थायी रूप से मजबूत करने के लिए निर्माण कार्य का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
इस पूरे सुरक्षा कार्य पर लगभग 25 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मंदिर की सुरक्षा पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी।





