July 23, 2026

JAGDALPUR NEWS UPDATE : महारानी अस्पताल में कैंसर, डायलिसिस और पैलिएटिव केयर यूनिट की होगी शुरुआत, स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा बड़ा विस्तार

जगदलपुर। शहर के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र महारानी जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और उन्नयन की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लंबे समय से बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग के बीच जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इससे आने वाले समय में मरीजों को आधुनिक और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी।

कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में महारानी अस्पताल में कैंसर यूनिट, पैलिएटिव केयर यूनिट और डायलिसिस यूनिट के नए सिरे से विकास का निर्णय लिया गया। इन सुविधाओं के संचालन के लिए एक नए भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां मरीजों को आधुनिक उपचार और विशेष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में अस्पताल के गायनी विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाले नए वार्ड के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा मेडिकल रिकॉर्ड सेक्शन को व्यवस्थित करने और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के विस्तार का निर्णय लिया गया है। अस्पताल के पुराने वार्डों की मरम्मत और जर्जर भवनों में आवश्यक सुधार कार्य भी कराए जाएंगे।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार विभिन्न विभागों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे मरीजों को बेहतर जांच और उपचार की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।

इन निर्णयों के बाद महारानी अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं के और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को कैंसर, डायलिसिस और अन्य विशेष उपचारों के लिए दूरस्थ चिकित्सा संस्थानों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। साथ ही शहरवासियों को कई स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित डिमरापाल मेडिकल कॉलेज जाने की आवश्यकता भी कम होगी।