जगदलपुर। शहर के एक शासकीय विद्यालय में नाबालिग छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच में शिकायत की पुष्टि होने के बाद आरोपी शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
केबिन में बुलाकर दुर्व्यवहार का आरोप
जगदलपुर CSP सुमित कुमार के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने नाबालिग छात्रा को अपने केबिन में बुलाया था। इसी दौरान उसके साथ कथित दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।
POCSO और BNS की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट की धारा 8 के साथ BNS की धारा 75 और 74 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। छात्रा की पहचान और उसकी निजता से जुड़ी जानकारी को गोपनीय रखा गया है।





