July 30, 2026

जगदलपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, बकाया किराया नहीं देने पर 15 दुकानें सील

जगदलपुर। बस्तर के जगदलपुर में नगर निगम ने लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विशेष अभियान के तहत संजय बाजार की 15 दुकानों को सील कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान निगम ने बकाया किराये में से 1 लाख 42 हजार 640 रुपये की वसूली भी की। नगर निगम के राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा के अनुसार, निगम की करीब 60 दुकानों पर लगभग 40 लाख रुपये का किराया बकाया है। कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद दुकानदारों द्वारा राशि जमा नहीं की गई।

इसी के चलते आयुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने सीलिंग अभियान चलाया है। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और बकायेदारों को जल्द भुगतान करने की चेतावनी दी।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किराया जमा नहीं करने वाले अन्य दुकानदारों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।