जगदलपुर: बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद शिक्षा विभाग को त्वरित कार्रवाई करनी पड़ी।
मामला बकावंड ब्लॉक स्थित शासकीय प्राथमिक शाला तारापुर का है, जहां एक सहायक शिक्षिका पर चौथी कक्षा के छात्र के साथ पिटाई करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान छात्र की आंख के नीचे चोट आई, जिसके बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।
🚨 परिजनों की शिकायत पर विभाग हरकत में
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत सीधे शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की। शिकायत सामने आते ही विभाग ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कराई।
जांच के बाद बकावंड ब्लॉक के बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षिका को प्राथमिक शाला तारापुर से तत्काल प्रभाव से हटा दिया और उनका स्थानांतरण दूसरे विद्यालय में कर दिया गया है।
📌 शिक्षा विभाग ने दिए जांच के निर्देश
शिक्षा विभाग का कहना है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





