जगदलपुर। बस्तर संभाग के लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां ओवरलोड पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 2 ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना घोटिया चौकी अंतर्गत ढाबामारी की है। जानकारी के अनुसार, सिरिसगुड़ा गांव के ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर ओरछा के रेंगाबेड़ा में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान सिबो और मिटको के रूप में की गई है।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ओवरलोडिंग और वाहन का असंतुलन बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक दिन पहले भी हुआ था हादसा
बताया जा रहा है कि सोमवार को भी एक ओवरलोड ट्रैक्टर में सवार करीब 50 ग्रामीण मेले में जा रहे थे, जो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोग घायल हुए थे, जिनमें 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





