जगदलपुर के बाबू सेमरा निवासी युवा किसान रोहन कश्यप ने हायर सेकेंडरी की पढ़ाई के बाद अपने पैतृक खेतों में मेहनत और लगन से खेती-किसानी को परिवार की बेहतरी का आधार बना दिया है। हाल ही में राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत धान विक्रय की अंतर राशि एकमुश्त देने के निर्णय पर रोहन ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार का धन्यवाद किया।
रोहन के परिवार के 8 एकड़ खेत में खरीफ सीजन में धान की उन्नत खेती होती है, जबकि रबी सीजन में मक्का और साग-सब्जी की पैदावार से आय बढ़ रही है। नलकूप और बैंक ऋण से खरीदे गए ट्रैक्टर के माध्यम से खेती-किसानी अब अधिक आधुनिक तकनीक से की जा रही है। इस साल रोहन ने 133 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर विक्रय किया, जिसकी राशि तुरंत बैंक खाते में अंतरित की गई।
रोहन का कहना है कि होली त्योहार के पहले किसानों को अंतर राशि मिलने से उत्साह बढ़ा है। वे उर्वरक और गोबर खाद का संतुलित उपयोग कर रहे हैं और आगामी वर्ष में साग-सब्जी की पैदावार के लिए ड्रिप सिंचाई अपनाने का विचार कर रहे हैं। रोहन के प्रयासों से उनके 8 सदस्यीय परिवार में दो बड़े भाई भी आधुनिक खेती में सहयोग कर रहे हैं, जिससे कृषि आय और जीवन स्तर में सुधार हुआ है।




