जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर साड़ी खरीदी के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को जगदलपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रवार्ता में उन्होंने कहा कि सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है।
दीपक बैज ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए 1 लाख 94 हजार 590 साड़ियों की खरीदी की गई, लेकिन इनकी गुणवत्ता बेहद खराब है और ये उपयोग के लायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह सीधे तौर पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग में केवल साड़ी खरीदी ही नहीं, बल्कि सेनेटरी पैड, ग्रीन बोर्ड और आरओ जैसी आवश्यक वस्तुओं की खरीद में भी अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हुआ है। बैज ने कहा कि इन मामलों में पारदर्शिता का पूरी तरह अभाव है।
कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि भ्रष्टाचार साबित होता है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।





