July 23, 2026

जगदलपुर एसपी ऑफिस वेतन घोटाला: रकम बढ़कर 3.40 करोड़ पहुंची, तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर

जगदलपुर।

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय से जुड़े बहुचर्चित वेतन घोटाले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। जांच आगे बढ़ने के साथ घोटाले की राशि भी बढ़ती जा रही है। शुरुआती जांच में वर्ष 2023 से 2026 के बीच करीब 2 करोड़ रुपये के गबन का अनुमान था, लेकिन अब यह आंकड़ा बढ़कर 3 करोड़ 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, मामला पहले की आशंका से कहीं अधिक गंभीर है। दस्तावेजों की पड़ताल में लगातार नए वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा हो रहा है, जिससे घोटाले की वास्तविक राशि और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एसपी कार्यालय के लेखा शाखा में पदस्थ एक बाबू ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। आरोप है कि वेतन संबंधी नोटशीट की हार्ड कॉपी में छेड़छाड़ कर भुगतान राशि में हेरफेर किया जाता था और लंबे समय तक इस तरीके से सरकारी राशि का गबन किया गया।

मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जांच एजेंसियों का कहना है कि दस्तावेजों की विस्तृत जांच अभी जारी है। ऐसे में आने वाले दिनों में घोटाले की राशि और इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।