March 5, 2026

जगदलपुर में फिर लाखों की चोरी, पुलिस पर उठे सुरक्षा के सवाल

जगदलपुर। दंतेश्वरी मंदिर में हुई चोरी का मामला अभी सुलझा नहीं था कि शहर में एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र की सन सिटी कॉलोनी में चोरों ने महज तीन घंटे में फुटवियर व्यापारी सुरेश मठानी के घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित लगभग 15–16 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ किया।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे सुरेश मठानी अपने परिवार के साथ बहू की डिलीवरी के लिए डिमरापाल अस्पताल गए थे। रात करीब 10 बजे घर लौटने पर उन्होंने अलमारियां टूटी और सामान बिखरा देखा। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोर घर के पीछे से प्रवेश कर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे।

सीसीटीवी फुटेज में एक चोर हाथ में धारदार हथियार लिए नजर आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक जांच और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि लगातार चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस अब तक केवल फुटेज तक ही सीमित है, आरोपी पकड़ से बाहर हैं। शहरवासियों में डर का माहौल है और लोग पुलिस से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।