Jagdalpur | 26 मार्च 2026
जगदलपुर। बस्तर में वीआईपी मूवमेंट की जल्दबाजी ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हुआ यह हादसा लापरवाही और तेज रफ्तार का खौफनाक उदाहरण बनकर सामने आया है।
बताया जा रहा है कि एक पूर्व मंत्री के काफिले की फॉलो गाड़ी रायपुर से जगदलपुर आ रही थी। काफिले को कवर करने की जल्दबाजी में गाड़ी काफी पीछे छूट गई थी, जिसे पकड़ने के लिए चालक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। इसी दौरान उसने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
यह हादसा बस्तर थाना क्षेत्र के बालेंगा पेट्रोल पंप के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक उछलकर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वाहन की तेज रफ्तार साफ देखी जा सकती है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने वाहन चालक को घेर लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह बताया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर वीआईपी कल्चर और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है कि आखिर काफिलों की जल्दबाजी में आम लोगों की जान कब तक जोखिम में डाली जाती रहेगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।





