May 19, 2026

Jaggi Murder Case: अमित जोगी की अपील की सुनवाई 20 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में

रायपुर, 6 अप्रैल 2026 – छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के दो निर्णय — 25 मार्च 2026 का निर्णय जिसमें अपील दायर करने की अनुमति दी गई थी, और 2 अप्रैल 2026 का निर्णय जिसमें अपील को स्वीकार किया गया था — को एक साथ जोड़ते हुए 20 अप्रैल 2026 को संयुक्त सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।

सुनवाई न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और संजीव मेहता की पीठ ने की। अमित अजीत जोगी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल, मुकुल रोहतगी, विवेक तन्खा और सिद्धार्थ दवे उपस्थित थे। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय को बताया कि उच्च न्यायालय के दोनों निर्णयों में प्राकृतिक न्याय के मौलिक सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ है और सर्वोच्च न्यायालय के 6 नवंबर 2025 के आदेश का पालन नहीं किया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने अमित जोगी को अंतिम निर्णय के विरुद्ध अपील 20 अप्रैल 2026 से पहले दायर करने के निर्देश दिए ताकि सभी मामलों की उसी दिन संयुक्त सुनवाई हो सके। अमित जोगी ने आज के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि न्याय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।

  • 4 जून 2003 को एनसीपी नेता राम अवतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
  • इस मामले में 31 अभियुक्त बनाए गए थे, जिनमें से बल्टू पाठक और सुरेंद्र सिंह सरकारी गवाह बने।
  • अमित जोगी को छोड़कर बाकी 28 लोगों को सजा मिली थी।
  • 31 मई 2007 को रायपुर की विशेष अदालत ने अमित जोगी को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया।
  • राम अवतार जग्गी के बेटे सतीश जग्गी ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी।

राम अवतार जग्गी कौन थे?
व्यापारी बैकग्राउंड वाले जग्गी पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल के करीबी थे। जब शुक्ल कांग्रेस छोड़कर NCP में शामिल हुए, तो जग्गी भी उनके साथ गए और NCP में छत्तीसगढ़ का कोषाध्यक्ष बने।

दोषियों की सूची:
अभय गोयल, याहया ढेबर, वीके पांडे, फिरोज सिद्दीकी, राकेश चंद्र त्रिवेदी, अवनीश सिंह लल्लन, सूर्यकांत तिवारी, अमरीक सिंह गिल, चिमन सिंह, सुनील गुप्ता, राजू भदौरिया, अनिल पचौरी, रविंद्र सिंह, रवि सिंह, लल्ला भदौरिया, धर्मेंद्र, सत्येंद्र सिंह, शिवेंद्र सिंह परिहार, विनोद सिंह राठौर, संजय सिंह कुशवाहा, राकेश कुमार शर्मा, (मृत) विक्रम शर्मा, जबवंत, विश्वनाथ राजभर।